21 दिसंबर 2020 - 15:33
राष्ट्रीय सुरक्षा पर किसी से बात नहीं होगी, कनाडा कूटनैतिक प्रोटोकॉल का सम्मान करे और अपनी हद पहचानेः ईरान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान अपनी रक्षा प्राथमिकताओं की बुनियाद पर अमल करता है।

सईद ख़तीबज़ादे ने कहा कि ईरान इस सिलसिले में पूरी दृढ़ता दिखा चुका है और राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर किसी से कोई बात नहीं होगी। उन्होंने सोमवार को वर्चुअल प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि परमाणु समझौते जेसीपीओए पर दस्तख़त, बातचीत के बाद हुए हैं, इसलिए कोई भी यह न सोचे कि राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय को फिर से उठा कर उस पर बात की जा सकती है। सईद ख़तीबज़ादे ने गुट 4+1 के विदेश मंत्रियों की वर्चुअल बैठक का भी ज़िक्र किया।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ईरान और आईएईए के बीच संबंध को तक्नीकी बताते हुए अंतर्राष्ट्रीय परमाणु एजेंसी से कहा कि वह राजनैतिक मामलों से ख़ुद को दूर रखे और किसी तरह के दबाव में न आए ताकि उसकी साख पर बट्टा न लगे और ईरान के साथ तक्नीकी सहयोग भी जारी रहे। सईद ख़तीबज़ादे ने कनाडा के विदेश मंत्री के बयान के बारे में, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उनका देश युक्रेनी हवाई जहाज़ की दुर्घटना की जाँच और इसके ज़िम्मेदारों को दंडित करने की प्रक्रिया से राज़ी न होने पर अंतर्राष्ट्रीय अदालत में शिकायत करेगा, कहा कि कनाडा के अधिकारी का हस्तक्षेपपूर्ण बयान, अस्वीकार्य है और इस घटना की तक्नीकी रिपोर्ट तय्यार है जो जल्द ही प्रकाशित होगी।

 

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कनाडा की सरकार को कूटनैतिक प्रोटोकॉल का सम्मान करने और अपनी हद पहचानने की सलाह देते हुए कहा कि उसने ईरानी राष्ट्र को दवा पहुंचने से रोकने के लिए वाइट हाउस का साथ दिया है। सईद ख़तीबज़ादे ने आज़रबाइजान के उप प्रधान मंत्री के तेहरान के प्रस्तावित दौरे का ज़िक्र करते हुए कहा कि ईरान, आज़रबाइजान के साथ सीमावर्ती मुद्दे समेत क़राबाख़ के आज़ाद हुए शहरों में संयुक्त काम के बारे में गंभीर विचार विमर्श करेगा और इस संबंध में आरंभिक समझौते होंगे।